कोरबा। फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बाबा नीम करोली की भूमिका निभाकर चर्चा में आए अभिनेता शोभिनव सत्य शुक्रवार को कोरबा पहुंचे। नगर निगम द्वारा आयोजित भव्य रामलीला महोत्सव में शामिल होने आए अभिनेता ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान शहर में पर्यावरण संरक्षण और जल संचय के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत और नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय के प्रति आभार व्यक्त किया।
शोभिनव सत्य ने कहा कि कोरबा की पावन धरती पर आकर वह स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरबा केवल कोयला उत्पादन के लिए ही नहीं, बल्कि देश के कई शहरों को रोशन करने में यहां के लोगों के योगदान के लिए भी महत्वपूर्ण है। औद्योगिक गतिविधियों के बीच पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और जल संरक्षण की दिशा में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने ऐसे प्रयासों को देश के अन्य शहरों में भी अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी दिखाएं ‘हनुमान अंश’
फिल्म ‘हनुमान अंश’ को लेकर अभिनेता ने दर्शकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति या परिवार आर्थिक तंगी के कारण फिल्म देखने में असमर्थ है और कोई उसकी मदद कर सकता है, तो उसे आगे आकर ऐसे लोगों को फिल्म दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद को फिल्म देखने का अवसर देना उसके लिए खुशी और यादगार अनुभव का कारण बन सकता है।
बाबा नीम करोली की भूमिका जीवन का खास अनुभव
अभिनेता शोभिनव सत्य ने फिल्म में बाबा नीम करोली की भूमिका निभाने के अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि इस किरदार को पर्दे पर जीवंत करना उनके लिए विशेष और यादगार अनुभव रहा। इस भूमिका से उन्हें काफी कुछ सीखने का अवसर मिला। उन्होंने फिल्म से जुड़े अनुभवों और किरदार के प्रभाव पर भी अपने विचार रखे।
कोरबा प्रवास के दौरान अभिनेता ने शहर में पर्यावरण संरक्षण और जल संचय के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इन्हें व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय सहित अन्य निगम अधिकारी उपस्थित रहे।











