सुशासन तिहार के मंच पर मचा बवाल, भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक और कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ल आमने-सामने
बिलासपुर जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के गोढ़ी ग्राम पंचायत में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम उस समय विवादों में घिर गया, जब मंच पर ही भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक और कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ल के बीच तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हंगामे की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, सुशासन तिहार के तहत आयोजित पंचायत स्तरीय शिविर में सड़क, बिजली, पानी और अन्य जनसमस्याओं को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान दोनों नेताओं के बीच मुद्दों को लेकर विवाद बढ़ गया। बहस इतनी तीखी हो गई कि मंच राजनीतिक अखाड़े में बदल गया और कार्यक्रम कुछ समय के लिए बाधित हो गया।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के समर्थक भी एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम में हुए इस घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए आयोजित मंच पर राजनीतिक टकराव नहीं होना चाहिए।
सुशासन तिहार को लेकर प्रदेश में यह दूसरा बड़ा विवाद माना जा रहा है। इससे पहले दुर्ग जिले में भी एक शिविर के दौरान भाजपा नेता और जनपद सीईओ के बीच तीखी बहस का मामला सामने आया था।










