शराब और DMF घोटाले में बड़ी कार्रवाई, अनवर ढेबर और अनिल टुटेजा से जुड़ी 1400 करोड़ की संपत्तियां जब्त
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब और DMF घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, कारोबारी अनवर ढेबर और उनके सहयोगियों से जुड़ी करीब 1400 करोड़ रुपये से अधिक बाजार मूल्य की संपत्तियां जब्त की हैं। ED ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत तीन अलग-अलग अस्थायी कुर्की आदेश जारी किए हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार, वर्ष 2019 से 2023 के बीच कथित शराब सिंडिकेट ने आबकारी व्यवस्था में हेरफेर कर 2883 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई की। इस सिंडिकेट का संचालन अनवर ढेबर और सेवानिवृत्त आईएएस अनिल टुटेजा के नेतृत्व में किए जाने का आरोप है।
ED ने रायपुर की कई बेनामी जमीनों, प्लॉटों और अन्य अचल संपत्तियों के साथ गोवा स्थित एक लग्जरी होटल को भी कुर्क किया है। एजेंसी का दावा है कि इन संपत्तियों की खरीद में घोटाले से अर्जित धन का इस्तेमाल किया गया था। इसके अलावा कुछ कंपनियों के बैंक खाते, शेयर और म्यूचुअल फंड निवेश भी जब्त किए गए हैं।
ED ने मामले में चार नए आरोपियों को भी शामिल करते हुए पूरक अभियोजन शिकायत विशेष PMLA अदालत में पेश की है। इसके साथ ही इस बहुचर्चित घोटाले में आरोपियों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है। एजेंसी का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और आगे भी नई कार्रवाई की जा सकती है।










