महाराष्ट्र अपनाएगा छत्तीसगढ़ का धान खरीदी मॉडल, अध्ययन के लिए रायपुर पहुंचा प्रतिनिधिमंडल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पारदर्शी और पूरी तरह कम्प्यूटरीकृत धान खरीदी मॉडल की देशभर में सराहना हो रही है। अब महाराष्ट्र सरकार भी इस मॉडल को अपनाने की तैयारी में है। इसी सिलसिले में महाराष्ट्र के विधायकों और अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल रायपुर पहुंचा, जहां उन्होंने राज्य की धान खरीदी व्यवस्था का विस्तृत अध्ययन किया।
खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रतिनिधिमंडल को ऑनलाइन टोकन प्रणाली, किसानों का पंजीकरण, धान खरीदी प्रक्रिया, भुगतान व्यवस्था और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस मॉडल से धान खरीदी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और प्रभावी बनी है।
महाराष्ट्र का प्रतिनिधिमंडल छत्तीसगढ़ की व्यवस्थाओं का अध्ययन करने के बाद अपनी सरकार को रिपोर्ट सौंपेगा, ताकि वहां भी किसानों के हित में इसी तरह की आधुनिक और पारदर्शी धान खरीदी प्रणाली लागू की जा सके।










