बारिश में खुली अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा की पोल, कांस्य की जगह पत्थर की होने का दावा, जांच की मांग तेज
कोरबा। कोरबा जिले के कटघोरा स्थित अटल परिसर में स्थापित पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा को लेकर नया विवाद सामने आया है। लगातार बारिश के बाद प्रतिमा की ऊपरी परत उखड़ने लगी, जिसके बाद यह दावा किया जा रहा है कि जिस प्रतिमा को कांस्य (ब्रॉन्ज) की बताया गया था, वह वास्तव में पत्थर या सीमेंट आधारित सामग्री से बनाई गई है। इस मामले को लेकर राजनीतिक विवाद भी तेज हो गया है।
विपक्ष ने प्रतिमा निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। युवा कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है और जिम्मेदार अधिकारियों व निर्माण एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामले के सामने आने के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग पर सवाल उठ रहे हैं। अब प्रतिमा निर्माण की गुणवत्ता, स्वीकृत सामग्री और खर्च की जांच की मांग जोर पकड़ रही है।










