रायपुर-अभनपुर मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत
रायपुर-अभनपुर मार्ग पर रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान धनेन्द्र साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बाइक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराना बताया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर है।











