भोरेमदेव में उमड़ा आस्था का सैलाब, 18 किलोमीटर पैदल चलकर हजारों श्रद्धालुओं ने किया भगवान शिव का जलाभिषेक
कवर्धा। सावन माह के पावन अवसर पर कबीरधाम जिले के प्रसिद्ध भोरेमदेव मंदिर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हजारों श्रद्धालुओं ने करीब 18 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर भगवान भोलेनाथ के दरबार पहुंचकर जलाभिषेक किया। पूरे मार्ग में श्रद्धालु “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ उत्साहपूर्वक आगे बढ़ते रहे।
भोरेमदेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचे। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय वातावरण बना रहा। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए थे, वहीं स्वयंसेवी संस्थाओं ने जगह-जगह पेयजल, प्रसाद और विश्राम की व्यवस्था की।
भोरेमदेव मंदिर छत्तीसगढ़ के प्रमुख शिव धामों में से एक है और सावन माह में यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।










