लूट का विरोध करना पड़ा भारी, दुर्ग में उपसरपंच की चाकू मारकर हत्या
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में लूट का विरोध करने पर उपसरपंच की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह सनसनीखेज वारदात जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र के धमधा रोड पर रविवार देर रात हुई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने लूट की कोशिश की थी। उपसरपंच द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल उपसरपंच को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।










