पिकनिक के दौरान बेंदरी डैम में नहाते समय युवक की डूबने से मौत
रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला क्षेत्र स्थित बेंदरी डैम में पिकनिक मनाने गए एक युवक की नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा काफी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, युवक अपने दोस्तों के साथ बेंदरी डैम पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान वह नहाने के लिए डैम में उतरा, लेकिन गहरे पानी में जाने से डूब गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना पर पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में इसे हादसा माना जा रहा है।










