कोरबा में पिछले साल से 4 प्रतिशत अधिक बारिश, कृषि विभाग ने किसानों को दी सलाह
कोरबा। जिले में इस वर्ष मानसून मेहरबान है। 1 जून से अब तक जिले में औसतन 685.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में करीब 4 प्रतिशत अधिक है। लगातार हो रही बारिश से खेती-किसानी के काम में तेजी आई है और धान की रोपाई का पहला चरण भी शुरू हो गया है।
बारिश की स्थिति को देखते हुए कृषि विभाग ने किसानों को फसल प्रबंधन को लेकर जरूरी सलाह जारी की है। विभाग ने खेतों में पानी की स्थिति पर नजर रखने और जरूरत के अनुसार जल निकासी की व्यवस्था करने को कहा है।
कृषि विभाग के अनुसार किसानों को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए धान सहित अन्य फसलों में आवश्यक कृषि कार्य करने चाहिए। अधिक बारिश की स्थिति में खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से फसल प्रभावित हो सकती है, इसलिए जल निकासी पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई है।
बारिश की अच्छी स्थिति से इस खरीफ सीजन में किसानों को बेहतर उत्पादन की उम्मीद है।










