कोरबा में पुलिस अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल, प्रेमचंद साहू बने कोतवाली प्रभारी
कोरबा। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने प्रशासनिक दृष्टिकोण से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल करते हुए नवीन पदस्थापना आदेश जारी किया है। आदेश के तहत जिले के प्रमुख थानों सहित पुलिस इकाइयों में अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार कोरबा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद डडसेना को अब प्रभारी समंस वारंट सेल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय भेजा गया है। वहीं कटघोरा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रेमचंद साहू को कोतवाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश तिवारी को कटघोरा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं निरीक्षक विरासत कुजूर को रक्षित केंद्र कोरबा से सीएसईबी पुलिस सहायता केंद्र का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पुलिस विभाग में आरक्षकों के स्तर पर भी स्थानांतरण किया गया है। आरक्षक क्रमांक 483 जितेंद्र सोनी को थाना करतला से थाना श्यांग तथा आरक्षक क्रमांक 555 नरोत्तम कुमार रात्रे को थाना श्यांग से थाना करतला पदस्थ किया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया यह फेरबदल प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है। नवीन पदस्थापना आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने नए दायित्व संभालने होंगे।










