Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / अंबिकापुर में IPS अधिकारी के बेटे से मारपीट का मामला: दो फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शहर में निकाला जुलूस

अंबिकापुर में IPS अधिकारी के बेटे से मारपीट का मामला: दो फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शहर में निकाला जुलूस

अंबिकापुर में IPS अधिकारी के बेटे से मारपीट का मामला: दो फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शहर में निकाला जुलूस

अंबिकापुर। शहर में गुंडागर्दी और मारपीट के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए IPS अधिकारी के बेटे के साथ मारपीट के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश उर्फ गोलू और आशुतोष गुप्ता (22), निवासी मायापुर के रूप में हुई है। दोनों का पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का रिकॉर्ड बताया गया है।

 

बौरीपारा में हुई थी मारपीट

 

मामला 7 सितंबर 2026 का है। कोतवाली थाना क्षेत्र के बौरीपारा में पुलिस मुख्यालय में पदस्थ DIG रवि कुर्रे (IPS) के बेटे लेखांश कांत के साथ मारपीट की गई थी। लेखांश नमनाकला खटिकपारा निवासी हैं और सिक्योरिटी एजेंसी का संचालन करते हैं।

 

पुलिस के अनुसार, लेखांश अपने दोस्तों विशाल सोनी और रोमी खान के साथ कार से बौरीपारा में अपने साथी प्रिंस गुप्ता से मिलने जा रहे थे। बौरीपारा तालाब के पास रिंग रोड पर वे प्रिंस का इंतजार करने के लिए रुके थे। इसी दौरान वहां पहले से गोलू गणेश, रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता और उनके अन्य साथी मौजूद थे।

 

नाम लेने पर भड़के आरोपी

 

लेखांश कार से उतरकर मोबाइल पर प्रिंस से बात कर रहे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने गोलू गणेश का नाम लिया। आरोप है कि इसी बात पर रतन गुप्ता और कोया डॉन भड़क गए और उन्होंने कथित तौर पर कहा, “तेरा बाप पुलिस वाला है, हमारा क्या कर लेगा।”

 

इसके बाद आरोपियों ने लेखांश को घेर लिया। पुलिस के मुताबिक गोलू गणेश ने उनका हाथ पकड़ा, जबकि रतन गुप्ता, कोया डॉन, आशुतोष गुप्ता और अन्य साथियों ने बेल्ट, कड़े, मुक्के और लात से मारपीट की।

 

गला दबाने और मोबाइल छीनने का भी आरोप

 

मारपीट के दौरान कोया डॉन पर लेखांश का गला दबाने का आरोप है। आरोपित उनका मोबाइल लेकर भागने लगे, लेकिन उनके दोस्त ने मोबाइल वापस ले लिया। मारपीट में लेखांश के दाहिने कान के नीचे, दोनों कंधों, सिर और गले में चोट आई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

 

दो आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके

 

इस मामले में पुलिस ने इससे पहले रतन गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं गणेश उर्फ गोलू और आशुतोष गुप्ता घटना के बाद से फरार चल रहे थे। पुलिस ने अब दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

 

आरोपियों का पुलिस ने निकाला जुलूस

 

गिरफ्तारी के बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों आरोपियों को थाने से मुख्य मार्ग होते हुए पैदल न्यायालय तक ले जाकर जुलूस निकाला। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी शहर में सरेराह गुंडागर्दी के कई मामलों में शामिल रहे हैं और उनके खिलाफ पहले भी गंभीर मामले दर्ज रहे हैं।

 

पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में आपराधिक गतिविधियों और खुलेआम गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जाने आज का राशि फल