रायगढ़ में सरकारी योजना के नाम पर ठगी, 92 महिलाओं से 1.66 लाख रुपये वसूले
रायगढ़। जिले में सरकारी योजना और एनजीओ के नाम पर महिलाओं से कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। उच्चभिट्ठी रोड स्थित आकृति सिलाई सेंटर में काम करने वाली 92 महिलाओं से करीब 1.66 लाख रुपये जमा कराए गए। महिलाओं को सिलाई मशीन के साथ शासन की ओर से 15 हजार रुपये की सहायता राशि दिलाने का भरोसा दिया गया था। कई महीने बीतने के बाद भी न तो सिलाई मशीन मिली और न ही जमा रकम वापस की गई। मामले में कोतरा रोड पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एनजीओ से जुड़ी होने का दिया परिचय
शिकायत के अनुसार, 10 दिसंबर 2025 को इशिता विश्वकर्मा नाम की महिला आकृति सिलाई सेंटर पहुंची थी। उसने खुद को एक एनजीओ से जुड़ा बताया और महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण के साथ मुख्यमंत्री योजना के तहत सिलाई मशीन उपलब्ध कराने की बात कही।
महिलाओं को बताया गया कि योजना के तहत सिलाई मशीन पाने के लिए 550 रुपये फॉर्म फीस और 1,500 रुपये जमा करने होंगे। इसके बाद शासन की ओर से 15 हजार रुपये की सहायता राशि के साथ सिलाई मशीन मिलने की बात कही गई। सरकारी योजना का नाम सुनकर महिलाओं ने भरोसा कर रकम जमा करना शुरू कर दिया।
दो समूहों में जमा कराई रकम
महिलाओं को दो समूहों में बांटकर राशि एकत्र की गई। शुरुआत में प्रत्येक महिला से करीब 260 रुपये नकद लिए गए। बाद में ऑनलाइन भुगतान के लिए एक मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया।
शिकायत के मुताबिक, पहले समूह की करीब 45 महिलाओं से अलग-अलग किश्तों में लगभग 70 हजार रुपये, जबकि दूसरे समूह की करीब 47 महिलाओं से करीब 96 हजार रुपये जमा कराए गए। कुछ महिलाओं ने अलग से भी ऑनलाइन भुगतान किया। इस तरह कुल रकम करीब 1.66 लाख रुपये बताई गई है।
मशीन के लिए महीनों तक करती रहीं इंतजार
रकम जमा करने के करीब दो महीने बाद महिलाओं ने सिलाई मशीन के बारे में जानकारी लेना शुरू किया। आरोप है कि हर बार अलग-अलग कारण बताकर उन्हें टाल दिया गया। समय बीतता गया, लेकिन महिलाओं को न तो मशीन मिली और न ही उनकी रकम वापस की गई।
इसके बाद महिलाओं ने संबंधित महिला से एनजीओ और सरकारी योजना से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी मांगी। शिकायत में आरोप है कि इस संबंध में भी उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। बाद में महिला के आधार कार्ड में अलग नाम दर्ज होने की बात सामने आने के बाद महिलाओं को कथित धोखाधड़ी का संदेह हुआ।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले में श्वेता साहू ने कोतरारोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित महिला के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है।
अब पुलिस महिलाओं से लिए गए पैसों के लेनदेन, ऑनलाइन भुगतान, संबंधित मोबाइल नंबर, एनजीओ और सरकारी योजना के नाम पर किए गए दावों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि जमा की गई रकम किस खाते या माध्यम में गई और पूरे मामले में अन्य लोग शामिल हैं या नहीं।










