कोरबा में बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा में सेंध, चैनल गेट खोलकर फरार हुआ अपचारी बालक
कोरबा। जिले के कोड़िया स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से चोरी के मामले में रखा गया एक अपचारी बालक फरार हो गया। घटना की जानकारी सुबह नियमित गिनती के दौरान सामने आई, जिसके बाद संप्रेक्षण गृह में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने बालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के मामले में पोड़ीबहार क्षेत्र निवासी अपचारी बालक को कानूनी प्रक्रिया के तहत 27 सितंबर को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। वह करीब 20 दिनों से यहां रह रहा था।
बताया जा रहा है कि सुबह के समय मुख्य द्वार खुलने के दौरान कर्मचारियों की व्यस्तता का फायदा उठाकर बालक चैनल गेट खोलकर बाहर निकल गया। शुरुआत में किसी को उसके फरार होने की जानकारी नहीं हुई। बाद में जब कर्मचारियों ने संप्रेक्षण गृह में रह रहे बालकों की गिनती की, तो एक बालक कम मिला। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन तत्काल कोई सुराग नहीं मिल सका।
संप्रेक्षण गृह प्रबंधन ने घटना की सूचना सीएसईबी पुलिस चौकी को दी। पुलिस फरार बालक की तलाश में जुटी है और उसके संभावित ठिकानों पर खोजबीन की जा रही है।
घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। परिसर में सुरक्षा के इंतजाम होने के बावजूद बालक के चैनल गेट खोलकर बाहर निकल जाने से कर्मचारियों की निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस बालक की तलाश कर रही है। उसके फरार होने की परिस्थितियों और सुरक्षा में हुई संभावित चूक को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।











