आंधी-बारिश ने बिगाड़ी व्यवस्था, बिलासपुर में 15 घंटे तक गुल रही बिजली
बिलासपुर में शुक्रवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से करीब 15 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा।
तूफान के कारण शहर के बाहरी और मध्य क्षेत्रों में बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई स्थानों पर पेड़ सड़क और तारों पर गिर पड़े, जिससे मरम्मत कार्य में भी देरी हुई। बिजली बंद होने से जलापूर्ति ठप पड़ गई और लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ा।
हालात इतने खराब हो गए कि कई इलाकों में लोगों ने नाराजगी जताई। नगर निगम और बिजली विभाग की तैयारियों पर भी सवाल उठे। वहीं, अधिकारियों के फोन बंद रहने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
बिजली विभाग की टीमों ने देर रात तक मरम्मत कार्य किया, जिसके बाद धीरे-धीरे बिजली आपूर्ति बहाल की गई। प्रशासन ने खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।










