कोरबा सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, ग्रामीणों ने पांच घंटे किया चक्काजाम
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना बांकी मोगरा थाना क्षेत्र के जवाली-चाकाबुडा मार्ग की बताई जा रही है, जहां अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी, मुआवजा और सड़क सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे थे। करीब पांच घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाइश दी। प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई और सहायता का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










