पेंड्रा रोड के बंसाझाल पुल पर बड़ा हादसा, पुल टूटने से बाइक सवार युवक नदी में गिरा, मौत
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। बिलासपुर-पेंड्रा रोड स्थित बंसाझाल पुल पर रविवार को बड़ा हादसा हो गया। लगातार बारिश के बीच पुल का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे वहां से गुजर रहा बाइक सवार युवक नदी में जा गिरा। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है और वैकल्पिक मार्ग से यातायात संचालित किया जा रहा है।
प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक तौर पर लगातार बारिश और पुल की क्षति को हादसे की वजह माना जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से क्षतिग्रस्त पुल के आसपास जाने से बचने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।










