बिलासपुर कलेक्टर बोले- पोर्टल खुलते ही मिलेगा उज्ज्वला योजना का लाभ, हितग्राहियों से धैर्य रखने की अपील
बिलासपुर। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन का लाभ लेने का इंतजार कर रहे हितग्राहियों के लिए अच्छी खबर है। बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही योजना का पोर्टल दोबारा शुरू होगा, पात्र हितग्राहियों को तत्काल योजना का लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और धैर्य बनाए रखने की अपील की।
कलेक्टर ने बताया कि पोर्टल बंद होने के कारण नए आवेदनों की प्रक्रिया फिलहाल प्रभावित है। जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और पोर्टल शुरू होते ही लंबित आवेदनों का तेजी से निराकरण किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य पात्र परिवारों को बिना किसी अनावश्यक देरी के योजना का लाभ उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि योजना से जुड़े आवेदक किसी भी तरह की परेशानी होने पर संबंधित विभाग या प्रशासनिक कार्यालय से संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त करें और भ्रामक सूचनाओं से बचें।










