उफनते नाले में फंसी पुलिस की बोलेरो, चालक पेड़ पर चढ़ा; रेस्क्यू कर दो अधिकारियों की बचाई गई जान
नारायणपुर। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। ब्रेहबेड़ा क्षेत्र के उफनते नाले को पार करने के दौरान पुलिस की सरकारी बोलेरो तेज बहाव में फंस गई। वाहन में सवार दो पुलिस अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि चालक ने अपनी जान बचाने के लिए पास के पेड़ पर चढ़कर शरण ली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद चालक को भी पेड़ से सुरक्षित नीचे उतारा गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
लगातार बारिश के कारण जिले के कई नाले और नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नालों और पुल-पुलियों को पार करने का प्रयास न करें तथा मौसम विभाग और प्रशासन की जारी चेतावनियों का पालन करें।










