Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / रायगढ़ में रिटायर्ड शिक्षक के खाते से 47 लाख रुपये की धोखाधड़ी, भरोसेमंद परिचित ने 6 साल तक निकाली रकम

रायगढ़ में रिटायर्ड शिक्षक के खाते से 47 लाख रुपये की धोखाधड़ी, भरोसेमंद परिचित ने 6 साल तक निकाली रकम

रायगढ़ में रिटायर्ड शिक्षक के खाते से 47 लाख रुपये की धोखाधड़ी, भरोसेमंद परिचित ने 6 साल तक निकाली रकम

 

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में सेवानिवृत्त शिक्षक के बैंक खाते से 47 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिक्षक के परिचित ने बैंक संबंधी काम में मदद करने के बहाने उनका विश्वास हासिल किया और करीब छह वर्षों तक उनके खाते से रकम अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर करता रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

 

बैंक संबंधी काम में करता था मदद

 

मामला ग्राम कांटाहरदी निवासी 64 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक रघुनाथ सिदार से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, रघुनाथ सिदार वर्ष 2024 में शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे। वर्ष 2020 से गांव का ही छत्रपाल सिदार उनके संपर्क में था और जाति-समाज के परिचय के कारण धीरे-धीरे शिक्षक का भरोसा जीत लिया था।

 

छत्रपाल बैंक से जुड़े कामों में उनकी मदद करता था। वह चेकबुक के जरिए राशि निकालने के लिए उनके साथ बैंक जाता था। इसके अलावा वह शिक्षक के मोबाइल का भी इस्तेमाल करता था। इसी वजह से शिक्षक को लंबे समय तक खाते से हो रहे लेनदेन पर संदेह नहीं हुआ।

 

जीपीएफ और ग्रेच्युटी की रकम भी खाते में थी

 

शिक्षक के सेवानिवृत्त होने के बाद उनके एसबीआई कोतरारोड़ स्थित बचत खाते में जीपीएफ, ग्रेच्युटी, अवकाश समर्पण सहित अन्य सेवानिवृत्ति संबंधी राशि जमा हुई थी। शिक्षक मकान निर्माण के लिए जमीन खरीदने की तैयारी कर रहे थे।

 

इसी सिलसिले में जब उन्होंने बैंक जाकर अपने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो बड़ी रकम के ट्रांसफर होने की जानकारी सामने आई। खाते की जांच में पता चला कि जनवरी 2020 से जून 2026 के बीच कुल 47 लाख 5 हजार रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए थे। रकम ग्रामीण बैंक, आईडीबीआई बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा सहित अन्य खातों में भेजी गई थी।

 

शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

 

खाते से इतनी बड़ी रकम गायब होने की जानकारी मिलने के बाद रघुनाथ सिदार ने कोतरारोड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 377/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4) में अपराध दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की।

 

पुलिस ने छत्रपाल सिदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने शिक्षक के खाते से रकम अपने अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, रकम एचडीएफसी बैंक, एसबीआई, बैंक ऑफ इंडिया और अपेक्स बैंक के खातों में भी ट्रांसफर की गई थी।

 

ऑनलाइन गेमिंग में रकम खर्च करने का दावा

 

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शिक्षक के खाते से ट्रांसफर की गई रकम को उसने ऑनलाइन गेमिंग में खर्च कर दिया। पुलिस ने आरोपी से संबंधित बैंक खातों की जानकारी, एटीएम और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। मामले में रकम के लेनदेन और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

 

आरोपी न्यायिक रिमांड पर

 

पुलिस ने आरोपी छत्रपाल सिदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन, डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन और थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जाने आज का राशि फल