छत्तीसगढ़ वन विभाग में IFS अधिकारियों की भारी कमी, इस महीने चार वरिष्ठ अफसर होंगे सेवानिवृत्त
रायपुर। छत्तीसगढ़ वन विभाग पहले से ही भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में इस महीने चार वरिष्ठ IFS अधिकारियों के सेवानिवृत्त होने से विभाग में अधिकारियों का संकट और गहरा सकता है। इसके चलते कई महत्वपूर्ण पद खाली होने की संभावना है और विभाग में बड़े प्रशासनिक फेरबदल की तैयारी भी शुरू हो गई है।
जानकारी के अनुसार, इस महीने प्रेम कुमार, अनिल कुमार साहू, आलोक तिवारी और राजेश चंदेले सेवानिवृत्त हो रहे हैं। इनमें से प्रेम कुमार वन विकास निगम के प्रबंध निदेशक (MD) और अनिल कुमार साहू राज्य लघु वनोपज संघ के प्रबंध निदेशक का दायित्व संभाल रहे हैं। इनके रिटायर होने के बाद इन संस्थानों में शीर्ष पद रिक्त हो जाएंगे।
वन विभाग में स्वीकृत 195 IFS पदों के मुकाबले वर्तमान में केवल 153 अधिकारी कार्यरत हैं। इनमें भी करीब 15 अधिकारी विभिन्न विभागों और केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर हैं, जिससे मैदानी और प्रशासनिक कार्यों के लिए उपलब्ध अधिकारियों की संख्या और कम हो गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों की कमी को देखते हुए सरकार को कई महत्वपूर्ण पदों पर नियमित नियुक्ति के बजाय प्रभारी व्यवस्था का सहारा लेना पड़ सकता है। साथ ही वन मुख्यालय और विभिन्न वन वृत्तों में अधिकारियों के प्रभार और पदस्थापना में व्यापक बदलाव होने की संभावना जताई जा रही है।










