नए राशन कार्ड बनाने को लेकर खाद्य विभाग की कार्यशाला, महापौर और आयुक्त ने दिए जरूरी निर्देश
कोरबा, 29 सितंबर 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित एमआईसी कक्ष में खाद्य विभाग द्वारा नवीन राशन कार्ड बनाने को लेकर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय सहित खाद्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यशाला में नागरिकों को नए राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया और शासन की विभिन्न खाद्य योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पात्र नागरिकों को खाद्यान्न योजना का लाभ दिलाने के लिए राशन कार्ड बनाना जरूरी है। इसमें प्राथमिकता राशन कार्ड, अंत्योदय राशन कार्ड और एपीएल सामान्य राशन कार्ड से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि जिन नागरिकों के पास वर्तमान में राशन कार्ड नहीं है, उनके लिए आगामी दिनों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र नागरिक खाद्यान्न योजना के लाभ से वंचित न रहे।
3 अक्टूबर को सातों जोन में लगेगा शिविर
निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि नगर निगम कोरबा को 7 जोन और 67 वार्डों में विभाजित किया गया है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु-अभियान, सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन 3 अक्टूबर 2026 को निगम के सातों जोन में किया जाएगा।
शिविर में 18 विभागों से संबंधित सेवाओं के लिए अलग-अलग स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें राशन कार्ड से संबंधित स्टॉल भी शामिल रहेगा। आयुक्त ने उप-जोन प्रभारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक राशन कार्ड बनवाने से वंचित न रहे। साथ ही पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से करने और नागरिकों को अनावश्यक परेशानी न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य योजनाओं का लाभ लेने की अपील
एमडी वेयरहाउस छत्तीसगढ़ शासन के आशीष टिकरिया ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत खाद्य विभाग को भी सेवा सेतु अभियान में शामिल किया गया है। उन्होंने नागरिकों से शासन की खाद्य योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि शासन की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार जरूरी है। उन्होंने पार्षदों से आगामी शिविरों में नागरिकों को राशन कार्ड बनवाने के लिए सहयोग करने की अपील की।
कार्यशाला में एमआईसी सदस्यों, पार्षदों, अपर आयुक्त पवन वर्मा, जिला खाद्य अधिकारी घनश्याम सिंह कंवर, निगम सचिव रामेश्वर सिंह कंवर, खाद्य निरीक्षकों, राजस्व अधिकारियों, जोन प्रभारियों सहित नगर निगम और खाद्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।










