छत्तीसगढ़-यूपी सीमा पर गांजे से भरा 16 चक्का ट्रक जब्त, ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी खेप
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़-उत्तर प्रदेश सीमा पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे से भरे एक 16 चक्का ट्रक को जब्त किया है। बसंतपुर थाना पुलिस ने अंबिकापुर-वाराणसी मार्ग पर नाकेबंदी के दौरान तेज रफ्तार ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की यह खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक और उससे जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अंतरराज्यीय स्तर पर संचालित इस तस्करी नेटवर्क के संबंध में जांच जारी है। जब्त गांजे की मात्रा और उसकी बाजार कीमत का आकलन किया जा रहा है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्रों में लगातार सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिससे नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।










