बिलासपुर में पुरानी रंजिश में 22 वर्षीय युवक की हत्या, चाकू से ताबड़तोड़ वार के बाद बाईपास पर फेंका शव
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के फदहाखार चांदमारी इलाके में रविवार रात पुरानी रंजिश को लेकर 22 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपित युवक को कुछ दूर तक घसीटकर ले गए और उसका शव फदहाखार-महमंद बाईपास के पास फेंककर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले में मुख्य आरोपित को हिरासत में लिया गया है।
फदहाखार गेट के पास किया हमला
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान ओम लहरे पिता कन्हैया दिवाकर (22) के रूप में हुई है। रविवार रात करीब नौ बजे फदहाखार गेट के पास कुछ युवकों ने ओम पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपित उसे कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गए और फदहाखार-महमंद बाईपास के पास छोड़कर फरार हो गए। देर रात राहगीरों ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
पुरानी रंजिश की बात सामने आई
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी आपसी रंजिश की बात सामने आई है। हालांकि, मृतक और आरोपितों के बीच विवाद की तत्काल वजह क्या थी और वारदात से पहले उनके बीच क्या हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
हत्या की सूचना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से खून के निशान, चाकू और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों को सुरक्षित किया गया है। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर वारदात की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
मुख्य आरोपित हिरासत में, अन्य की तलाश जारी
सिरगिट्टी पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और पहचान की भी जांच कर रही है। मृतक और आरोपितों के बीच पुरानी रंजिश के साथ हत्या की तत्काल वजह का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










