बिलासपुर में 2 से 4 अक्टूबर तक निश्शुल्क स्पाइन सर्जरी शिविर, मुंबई के 9 विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे ऑपरेशन
बिलासपुर। रीढ़ की हड्डी से जुड़ी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत की खबर है। बिलासपुर के स्व. दिलीप सिंह जुदेव शासकीय सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल, कोनी में 2 से 4 अक्टूबर तक तीन दिवसीय निश्शुल्क स्पाइन सर्जरी शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में मुंबई के स्पाइन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के 9 वरिष्ठ विशेषज्ञ सर्जन मरीजों की जांच और उपचार करेंगे।
शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को रीढ़ की हड्डी की जटिल बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों में जाने की जरूरत कम करना और उन्हें बिलासपुर में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों का होगा निश्शुल्क ऑपरेशन
शिविर में छत्तीसगढ़ सहित प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले रीढ़ की हड्डी की गंभीर और जटिल समस्याओं से पीड़ित मरीजों का चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा। जांच और विशेषज्ञों के मूल्यांकन के बाद जिन मरीजों को सर्जरी की आवश्यकता होगी, उनका ऑपरेशन भी निश्शुल्क किया जाएगा।
इस दौरान कोनी अस्पताल के न्यूरोसर्जरी विभाग के अनुभवी चिकित्सक भी मुंबई से आने वाली विशेषज्ञ टीम के साथ मिलकर मरीजों के उपचार में सहयोग करेंगे। इससे जटिल मामलों में विशेषज्ञ परामर्श के साथ उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।
अप्रैल में भी लगाया गया था शिविर
कोनी सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में इससे पहले 3 से 5 अप्रैल 2026 तक स्पाइन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के सहयोग से निश्शुल्क स्पाइन सर्जरी शिविर आयोजित किया गया था। उस शिविर से मरीजों को मिले लाभ को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने दोबारा इस तरह का शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, ऐसे शिविर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि महंगे निजी अस्पतालों और बड़े शहरों में इलाज का खर्च उठाना कई परिवारों के लिए मुश्किल होता है। प्रशासन ने रीढ़ की हड्डी से संबंधित बीमारी से परेशान मरीजों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
शिविर स्थल: स्व. दिलीप सिंह जुदेव शासकीय सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल, कोनी, बिलासपुर
शिविर की अवधि: 2 से 4 अक्टूबर 2026
सेवा: स्पाइन की जांच एवं आवश्यकता अनुसार निश्शुल्क सर्जरी










