महाराणा प्रताप चौक फ्लाईओवर के नीचे उजड़ी हरियाली, स्मार्ट सिटी के दावों पर उठे सवाल
बिलासपुर में स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के दावे एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गए हैं। शहर के व्यस्ततम महाराणा प्रताप चौक फ्लाईओवर के नीचे विकसित की गई हरियाली पूरी तरह उजड़ चुकी है। जहां कभी पौधे और सजावटी ग्रीन बेल्ट दिखाई देती थी, वहां अब सूखी मिट्टी और बिखरा कचरा नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम और संबंधित एजेंसियों ने शुरुआत में क्षेत्र के सौंदर्यीकरण पर लाखों रुपये खर्च किए थे, लेकिन रखरखाव के अभाव में पूरी व्यवस्था खराब हो गई। लोगों ने आरोप लगाया कि नियमित देखरेख और सिंचाई नहीं होने से पौधे सूख गए और अब क्षेत्र बदहाल स्थिति में पहुंच गया है।
महाराणा प्रताप चौक शहर का प्रमुख ट्रैफिक प्वाइंट माना जाता है और स्मार्ट सिटी योजना के तहत इसे मॉडल क्षेत्र के रूप में विकसित करने की बात कही गई थी। इसके बावजूद फ्लाईओवर के नीचे की बदहाल स्थिति से नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है।










