श्रावणी मेला के लिए चलेगी 20 कोच वाली स्पेशल ट्रेन, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर समेत कई स्टेशनों के यात्रियों को राहत
श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने इतवारी–मधुपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन 20 कोच के साथ संचालित होगी, जिससे छत्तीसगढ़ के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
यह ट्रेन रायपुर, दुर्ग, भिलाई, भाटापारा, बिलासपुर और रायगढ़ सहित मार्ग के प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे के अनुसार अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेन की व्यवस्था की गई है ताकि यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में आसानी हो और श्रावणी मेले की यात्रा सुगम हो सके।
रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं से यात्रा से पहले ट्रेन का समय, तिथि और आरक्षण की जानकारी की पुष्टि कर लेने की अपील की है।










