कोरबा, 29 मई 2026। नगर पालिक निगम कोरबा के विभिन्न वार्डों में करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से कराए जाने वाले विकास कार्यों का शुक्रवार को भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, सार्वजनिक उपक्रम एवं आबकारी मंत्री श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने की।
इस दौरान निगम क्षेत्र के 9 वार्डों में सड़क, सामुदायिक भवन, मंच निर्माण, अतिरिक्त कक्ष, शौचालय, ओव्हरब्रिज सौंदर्यीकरण सहित कई विकास कार्यों की शुरुआत की गई। वार्ड क्रमांक 8 सीतामणी में 20 लाख रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण, वार्ड क्रमांक 5 इंदिरा नगर में 15 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 2 मिशन रोड में 25 लाख रुपये की लागत से डोम एवं सामुदायिक भवन निर्माण जैसे प्रमुख कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा वार्ड क्रमांक 1 में ओव्हरब्रिज सौंदर्यीकरण, अतिरिक्त कक्ष निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 14 अमरैयापारा में स्वास्थ्य केंद्र के लिए अतिरिक्त सुविधाओं का कार्य भी किया जाएगा। वहीं कई वार्डों में मंच निर्माण, किचन शेड और शौचालय निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल में कोरबा के लिए लगभग 1000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं और विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि सरकार द्वारा किए गए वादों और “मोदी की गारंटी” को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि निगम क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान भी किया जा रहा है।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार जनता से किए गए सभी वादों को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता दी जा रही है और कोरबा में विकास कार्यों को नई गति मिली है।
कार्यक्रम में सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर, वरिष्ठ पार्षद श्री नरेंद्र देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।













