बस्तर में फिर सक्रिय हो रहे नक्सली, युवाओं की भर्ती बढ़ने का दावा
जगदलपुर। बस्तर में नक्सल गतिविधियों को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। कांग्रेस नेता छविंद्र कर्मा ने दावा किया है कि क्षेत्र में नक्सली संगठन लगातार युवाओं की भर्ती कर रहे हैं और अंदरूनी इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के दबाव के बावजूद नक्सली पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं और गांवों में अब भी उनकी गतिविधियां जारी हैं।
छविंद्र कर्मा ने कहा कि बस्तर के कई ग्रामीण क्षेत्रों में नक्सली स्थानीय युवाओं को बहला-फुसलाकर संगठन में शामिल कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि सिर्फ सुरक्षा अभियान ही नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं पर भी तेजी से काम किया जाए ताकि युवा भटकाव से बच सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर के आदिवासी इलाकों में विकास की कमी का फायदा उठाकर नक्सली अपनी पकड़ बनाने की कोशिश करते हैं। ऐसे में सरकार को ग्रामीणों का भरोसा जीतने और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए ठोस पहल करनी होगी।











