अबूझमाड़ में पहली बार गूंजी ‘मन की बात’, ग्रामीणों संग वन मंत्री केदार कश्यप ने सुना कार्यक्रम
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के अबूझमाड़ क्षेत्र में पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक प्रसारण किया गया। नारायणपुर जिले के दूरस्थ गांव इरकभट्टी में आयोजित इस कार्यक्रम में वन मंत्री केदार कश्यप ग्रामीणों के साथ शामिल हुए और सभी ने मिलकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कभी नक्सल प्रभाव के लिए पहचान रखने वाले अबूझमाड़ में इस तरह का आयोजन क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलाव का प्रतीक माना जा रहा है। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि अबूझमाड़ विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है और शासन की योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है।
ग्रामीणों ने भी ‘मन की बात’ कार्यक्रम को उत्साह के साथ सुना और प्रधानमंत्री द्वारा खेल, युवाओं तथा देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर रखे गए विचारों को सराहा। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया।
अबूझमाड़ में आयोजित यह कार्यक्रम इस बात का संकेत माना जा रहा है कि दूरस्थ और कभी संवेदनशील रहे क्षेत्रों में भी अब जनभागीदारी और विकास की नई तस्वीर उभर रही है।










