छत्तीसगढ़ के 4 हजार करोड़ के कथित घोटाले की जांच तेज, ईडी ने अनवर ढेबर और अनिल टुटेजा से जुड़े मामलों में बढ़ाई कार्रवाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कथित 4 हजार करोड़ रुपये के घोटाले की जांच एक बार फिर तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शराब घोटाला, कोयला लेवी और अन्य आर्थिक अनियमितताओं से जुड़े मामलों में जांच का दायरा बढ़ाते हुए कारोबारी अनवर ढेबर और पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा से जुड़े वित्तीय लेनदेन और संपत्तियों की पड़ताल तेज कर दी है।
जांच एजेंसी के अनुसार, विभिन्न मामलों में कथित तौर पर अवैध रूप से अर्जित धन को निवेश और संपत्तियों की खरीद में लगाया गया। हाल ही में ईडी ने अनवर ढेबर, अनिल टुटेजा और उनसे जुड़े लोगों की 1,000 करोड़ रुपये से अधिक बाजार मूल्य की संपत्तियां कुर्क करने की कार्रवाई की है। इनमें गोवा का एक होटल, रायपुर की जमीनें, बैंक खाते, शेयर और अन्य निवेश शामिल हैं।
ईडी का दावा है कि वर्ष 2019 से 2023 के बीच सक्रिय रहे कथित सिंडिकेट ने शराब कारोबार और अन्य गतिविधियों के जरिए हजारों करोड़ रुपये की अवैध कमाई की। जांच एजेंसी इस धन के स्रोत, उपयोग और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
मामले में पहले भी कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और जांच एजेंसियां लगातार दस्तावेजों, बैंकिंग रिकॉर्ड तथा संपत्तियों की जांच कर रही हैं। ईडी की ताजा कार्रवाई के बाद प्रदेश की सियासत भी गरमा गई है, जहां आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।










