युक्तियुक्तकरण के बाद भी नए स्कूलों में नहीं पहुंचे शिक्षक, डीईओ और संयुक्त संचालकों को नोटिस जारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण (रैशनलाइजेशन) की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कई शिक्षक अब तक अपने नवीन पदस्थापना वाले स्कूलों में कार्यभार ग्रहण नहीं कर पाए हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ) और संयुक्त संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
जानकारी के अनुसार, राज्य में 16 जून से नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने जा रहा है, लेकिन कई स्थानों पर शिक्षकों की जॉइनिंग लंबित है। इससे स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। डीपीआई ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे तत्काल स्थिति स्पष्ट करें और सुनिश्चित करें कि सभी शिक्षक अपने नए स्कूलों में समय पर कार्यभार ग्रहण करें।
शिक्षा विभाग का कहना है कि युक्तियुक्तकरण का उद्देश्य स्कूलों में शिक्षकों का संतुलित वितरण कर शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार लाना है। ऐसे में जॉइनिंग में हो रही देरी को प्रशासनिक लापरवाही माना जा रहा है। विभाग ने चेतावनी दी है कि निर्देशों का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
विभागीय स्तर पर अब लंबित मामलों की समीक्षा की जा रही है ताकि नए शिक्षा सत्र की शुरुआत से पहले सभी स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।










