छत्तीसगढ़ में रेत माफिया का खूनी खेल: कहीं जिंदा जलाया, कहीं अफसरों पर हमला, अवैध खनन बना बड़ी चुनौती
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अवैध रेत खनन को लेकर हिंसा लगातार बढ़ती जा रही है। बीते दो वर्षों में प्रदेश के कई जिलों में रेत माफिया और खनन से जुड़े विवादों में हत्या, जिंदा जलाने, सरकारी अधिकारियों पर हमले और मारपीट जैसी कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। इससे कानून-व्यवस्था और प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
हाल ही में कोरिया जिले में रेत खनन विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक भाजपा नेता समेत तीन लोगों की हत्या कर दी गई। आरोप है कि एक व्यक्ति को वाहन सहित जिंदा जला दिया गया, जबकि दो अन्य की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अवैध रेत खनन रोकने पहुंचे राजस्व, खनिज और पुलिस अधिकारियों पर हमले, वाहनों से कुचलने की कोशिश और मारपीट की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है, लेकिन रेत के अवैध कारोबार से जुड़े गिरोहों का नेटवर्क अब भी चुनौती बना हुआ है।










