दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पहले से जेल में बंद यूट्यूबर्स सागर साहू और पुष्पराज सिंह की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। दोनों के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और उगाही के आरोप में एक और मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत के आधार पर की है।
शिकायतकर्ता नेहा मिश्रा, जो पिछले पांच वर्षों से ग्राहक सेवा केंद्र (CSC) का संचालन कर रही हैं, ने पुलिस को बताया कि दोनों आरोपी आधार कार्ड की फोटोकॉपी कराने के बहाने उनके कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान हुई बातचीत का वीडियो बनाकर उसे तोड़-मरोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
महिला का आरोप है कि वीडियो हटाने के बदले आरोपियों ने पहले 50 हजार रुपये की मांग की। बदनामी के डर से उन्होंने अपनी जमा पूंजी में से 35 हजार रुपये दे दिए, जिसके बाद वीडियो हटा लिया गया। हालांकि, इसके बाद भी आरोपियों ने कथित तौर पर 2 लाख रुपये की और मांग की तथा रकम नहीं देने पर दोबारा वीडियो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी।
पीड़िता की शिकायत पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने सागर साहू और पुष्पराज सिंह के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और उगाही सहित संबंधित धाराओं में दूसरी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि दोनों आरोपी पहले से ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जुड़े कथित इंस्टाग्राम चैट विवाद के मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। अब दूसरी एफआईआर दर्ज होने के बाद उनकी कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।












