
सुशासन तिहार 2026: कोरबा में 1 मई से लगेंगे जनसमस्या निवारण शिविर
कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से “सुशासन तिहार 2026” के तहत जिले में 1 मई से जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 10 जून 2026 तक चरणबद्ध तरीके से संचालित होगा, जिसमें ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा शिविरों की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इन शिविरों में नागरिकों की शिकायतें दर्ज कर संबंधित विभागों द्वारा तत्काल कार्रवाई शुरू की जाएगी तथा अधिकतम एक माह के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 ग्राम पंचायतों के समूह तथा शहरी क्षेत्रों में वार्ड क्लस्टर के आधार पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में भूमि संबंधी प्रकरण, प्रमाण पत्र, बिजली-पानी, मनरेगा भुगतान सहित विभिन्न जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाएगा।
इसके साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया एवं पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ प्रदान करने की व्यवस्था भी की जाएगी। शासन का उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और शासन की योजनाओं का लाभ उठाएं।










