सुरगुजा के बिरला ओपन माइंड स्कूल में छात्र से अभद्र व्यवहार का आरोप, जांच शुरू
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बिरला ओपन माइंड स्कूल में एक छात्र के साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में छात्र को सजा के तौर पर अपमानजनक और गाली-गलौज वाले शब्द लिखने के लिए मजबूर किया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की।
परिजनों का कहना है कि इस घटना से छात्र मानसिक रूप से परेशान हो गया। मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई है। शिकायत मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और स्कूल प्रबंधन से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है.
जिला प्रशासन ने कहा है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्कूल प्रबंधन का पक्ष भी जांच के दौरान लिया जाएगा।










