AI से युवती की अश्लील तस्वीरें बनाकर ₹2 हजार की मांग, राजनांदगांव पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोपियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से एक युवती की अश्लील तस्वीरें तैयार कर उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके बदले युवती से ₹2 हजार की मांग की गई।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। साइबर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरण भी जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने AI तकनीक का दुरुपयोग कर युवती की फर्जी अश्लील तस्वीरें तैयार कीं और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर पैसे वसूलने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










