रायपुर सेंट्रल जेल में प्याज, साबुन और बिस्किट के भीतर छिपाकर पहुंच रहा था नशा, जांच में बड़ा खुलासा
रायपुर। रायपुर सेंट्रल जेल में कैदियों तक गांजा, नशीली गोलियां और तंबाकू पहुंचाने के लिए तस्कर नए-नए तरीके अपना रहे हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि नशीले पदार्थों को प्याज, साबुन और बिस्किट के पैकेटों के भीतर छिपाकर जेल तक पहुंचाया जा रहा था। इस मामले के सामने आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
जेल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अब जेल में आने वाली हर सामग्री की सघन जांच की जा रही है और संदिग्ध वस्तुओं की विशेष रूप से तलाशी ली जा रही है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई है कि बाहरी लोगों की मदद से प्रतिबंधित सामग्री जेल के भीतर पहुंचाई जा रही थी। प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए निगरानी और जांच व्यवस्था को और अधिक सख्त करने के निर्देश दिए हैं।










