
रायपुर में प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग, कई दमकल गाड़ियां मौके पर; इलाके में मचा हड़कंप
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार सुबह एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना आमा सिवनी सड्डू क्षेत्र स्थित कवल मल्टीलेयर प्लास्टिक फैक्ट्री में हुई, जहां देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए भिलाई समेत आसपास के क्षेत्रों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए।
इस आग की चपेट में फैक्ट्री का पूरा गोदाम आ गया, वहीं पास स्थित एक स्टेशनरी गोदाम भी प्रभावित हुआ है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई और लोग दहशत में आ गए।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद है और आग पर काबू पाने की कोशिश जारी है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, जबकि नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जा सकेगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलती गई, जिससे उसे नियंत्रित करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।










