रायपुर। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गौरव का क्षण है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से घोषित राष्ट्रपति पुलिस पदकों में छत्तीसगढ़ के 141 पुलिस अधिकारियों और जवानों को वीरता पदक से सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा एक अधिकारी को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक और 10 अधिकारियों-कर्मचारियों को सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में साहसिक कार्य के लिए सम्मान
राष्ट्रपति वीरता पदक पाने वालों में नारायणपुर, दंतेवाड़ा, सुकमा और कांकेर जैसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तैनात पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हैं। एसटीएफ, बस्तर फाइटर्स, डीएसएफ और जिला पुलिस बल के जवानों ने कठिन परिस्थितियों में नक्सल विरोधी अभियानों और सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वीरता पदक पाने वालों में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रोबिनसन गुड़िया, उप पुलिस अधीक्षक श्री विनय कुमार, उप पुलिस अधीक्षक श्री सोहन लाल, उप पुलिस अधीक्षक श्री महंथ कुमार समेत कई अधिकारी शामिल हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों को भी वीरता पदक
सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। इनमें श्री सुन्दरराज पट्टीलिंगम, पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज के पूर्व आईजी, श्री इन्दिरा कल्याण एलिसेला, उप पुलिस महानिरीक्षक तथा श्री संदीप पटेल सहित अन्य अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
नारायणपुर, सुकमा और कांकेर के जवान बड़ी संख्या में शामिल
वीरता पदक पाने वालों की सूची में नारायणपुर और सुकमा के बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हैं। कांकेर जिले से भी बस्तर फाइटर्स, डीएसएफ और जिला पुलिस बल के कई जवानों को सम्मान के लिए चुना गया है।
इन जवानों ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा अभियानों, नक्सल विरोधी कार्रवाई और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ड्यूटी निभाई।
श्री मोतीलाल कोटवानी को विशिष्ट सेवा पदक
पुलिस मुख्यालय रायपुर में पदस्थ पुलिस उप महानिरीक्षक श्री मोतीलाल कोटवानी को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक प्रदान किया जाएगा। लंबे समय तक उत्कृष्ट सेवा और पुलिस विभाग में महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है।
10 पुलिस अधिकारियों को सराहनीय सेवा पदक
सराहनीय सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक पाने वालों में श्री ओम प्रकाश शर्मा, पुलिस अधीक्षक मुख्यमंत्री सुरक्षा, श्रीमती गायत्री सिंह, एआईजी एएनटीएफ, डॉ. अर्चना झा, पुलिस उपायुक्त रायपुर, श्रीमती दीपमाला कश्यप, पुलिस उपायुक्त, सुश्री रमा पटेल, श्री ब्रजेश कुमार तिवारी, श्रीमती सविता सिंह परिहार, श्री पिनाकी भट्टाचार्जी, श्री राकेश कुमार सिंह और श्री नेहरू लाल शामिल हैं।
पुलिस विभाग ने सभी पदक विजेताओं और उनके परिवारों को बधाई दी है। विभाग के मुताबिक ये सम्मान पुलिस अधिकारियों और जवानों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के प्रति समर्पण का प्रतीक हैं।











