बीजापुर प्रेस क्लब चुनाव में बड़ा बदलाव, 20 सदस्य चुनाव प्रक्रिया से बाहर
बीजापुर। जिला पत्रकार संघ सह प्रेस क्लब भवन बीजापुर के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव प्रभारियों ने आचार संहिता के उल्लंघन और संगठन विरोधी गतिविधियों के आधार पर 20 सदस्यों को मौजूदा चुनाव प्रक्रिया से बाहर रखने का निर्णय लिया है।
चुनाव के लिए जारी सदस्य सूची में कुल 46 सदस्यों को चुनाव प्रक्रिया में शामिल होने के लिए पात्र माना गया है। वहीं 20 सदस्यों को प्रक्रिया से अलग किए जाने के बाद चुनावी समीकरण बदल गए हैं। चुनाव प्रभारियों के अनुसार चुनाव को व्यवस्थित, अनुशासित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए आचार संहिता का पालन जरूरी है।
अध्यक्ष पद को लेकर फिलहाल तीन नामों की चर्चा है। इनमें कमलेश पैंकरा, गणेश मिश्रा और ईश्वर सोनी शामिल हैं। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद अध्यक्ष पद की तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
नामांकन शुरू होने के साथ ही संभावित दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। अब सभी की नजरें नामांकन, प्रत्याशियों की अंतिम सूची और आगामी चुनावी प्रक्रिया पर टिकी हैं। ऐसे में बीजापुर प्रेस क्लब का चुनाव आने वाले दिनों में और दिलचस्प होने के आसार हैं।










