भुलसीडीह जंगल में अवैध सागौन कटाई का खुलासा, 26 लट्ठों से भरी पिकअप जब्त
कोरबा। वन विभाग ने अवैध रूप से सागौन की लकड़ी काटकर परिवहन किए जाने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो मैक्स पिकअप जब्त की है। वाहन से सागौन के 26 लट्ठे बरामद हुए हैं। लकड़ी की मात्रा करीब 2 घन मीटर और अनुमानित कीमत लगभग 85 हजार रुपये बताई गई है।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि कोरबा वन परिक्षेत्र के भुलसीडीह जंगल से सागौन की लकड़ी काटकर वन मार्ग से बाहर ले जाई जा रही है। सूचना के बाद वन अमले ने झगरहा-भुलसीडीह बैरियर के बीच रात्रि गश्त बढ़ा दी।
इसी दौरान जंगल की ओर से आ रही बोलेरो मैक्स पिकअप क्रमांक CG-13 AY 1202 को वनकर्मियों ने रोककर जांच की। वाहन में सागौन के लट्ठे मिले। लकड़ी के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर वन विभाग ने पिकअप और लकड़ी को जब्त कर लिया।
वन विभाग ने मामले में पीओआर क्रमांक 5647/07, दिनांक 15 अगस्त 2026 दर्ज कर वन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी जितेन्द्र कुमार उपाध्याय के आदेश और संबंधित उपवनमंडलाधिकारियों के निर्देशन में की गई। वन परिक्षेत्र अधिकारी डेथंजय शर्मा के नेतृत्व में वन अमले ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ डुमरडीह और भुलसीडीह संयुक्त वन प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा स्थानीय लोगों का भी सहयोग रहा। वन विभाग ने कहा है कि अवैध कटाई और लकड़ी के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए रात्रि गश्त और निगरानी लगातार जारी रहेगी।










