Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / बांगो बांध में दर्दनाक हादसा, खुले गेट की ओर छलांग लगाने वाला युवक तेज बहाव में लापता

बांगो बांध में दर्दनाक हादसा, खुले गेट की ओर छलांग लगाने वाला युवक तेज बहाव में लापता

बांगो बांध में दर्दनाक हादसा, खुले गेट की ओर छलांग लगाने वाला युवक तेज बहाव में लापता

 

कोरबा। मिनीमाता हसदेव बांगो बांध में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। बांध का नजारा देखने पहुंचे 23 वर्षीय युवक ने अचानक खुले गेट की दिशा में छलांग लगा दी। तेज बहाव में बहने के बाद युवक लापता हो गया। घटना के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।

 

लापता युवक की पहचान पाली थाना क्षेत्र के चैतमा गांव निवासी रंजीत यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि रंजीत अपने तीन दोस्तों के साथ बांगो बांध घूमने पहुंचा था। सभी लोग गार्डन के पास खड़े होकर बांध का नजारा देख रहे थे। इसी दौरान रंजीत अचानक रेलिंग पर चढ़ा और खुले गेट की ओर छलांग लगा दी।

 

छलांग लगाने के बाद वह कुछ देर तक पानी में तैरता दिखाई दिया, लेकिन बांध से छोड़े जा रहे पानी के तेज बहाव के कारण कुछ ही देर में नजरों से ओझल हो गया। हादसे के समय बांध के सात गेट खुले थे और करीब 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था।

 

घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस, गोताखोरों और रेस्क्यू टीम की मदद से युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने युवक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दे दी है।

 

बांध में गेट खुले होने के कारण प्रशासन की ओर से लोगों को पहले ही जलप्रवाह वाले क्षेत्र से दूर रहने की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद युवक के खुले गेट की ओर छलांग लगाने से यह हादसा हुआ। प्रशासन ने लोगों से मानसून के दौरान बांध और तेज बहाव वाले जलस्रोतों के पास सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जाने आज का राशि फल