भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा और दीपक म्हास्के को सोशल मीडिया की जिम्मेदारी
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम में छत्तीसगढ़ से सांसद रूप कुमारी चौधरी और दीपक म्हास्के को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं।
महासमुंद से भाजपा सांसद रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं दीपक म्हास्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है। दोनों नेताओं की नियुक्ति को छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भाजपा की नई टीम में कई अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं। संगठन में किए गए बदलावों को आगामी चुनावों और पार्टी के विस्तार की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
रूप कुमारी चौधरी वर्ष 2024 में महासमुंद लोकसभा सीट से सांसद चुनी गई थीं। इससे पहले वे छत्तीसगढ़ विधानसभा की सदस्य भी रह चुकी हैं।
नई जिम्मेदारियों के साथ दोनों नेताओं की भूमिका भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण रहने की उम्मीद है।










