त्योहारी भीड़ में सक्रिय महिला चोर गिरोह, ई-रिक्शा में सहायक संचालक की सोने की चेन पार
रायपुर। राजधानी रायपुर में त्योहारी सीजन के बीच भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक परिवहन में महिला चोर गिरोह की सक्रियता सामने आई है। ताजा मामले में ई-रिक्शा में सफर कर रही समग्र शिक्षा कार्यालय की सहायक संचालक मंजू लता साहू के गले से सोने की चेन चोरी हो गई। मामले की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 18 अगस्त को मंजू लता साहू तेज बारिश के कारण जेल रोड बस स्टॉप के पास अपनी एक्टिवा खड़ी कर ई-रिक्शा से कार्यालय के लिए रवाना हुई थीं। ई-रिक्शा में अंबेडकर चौक के पास करीब छह महिलाएं सवार हुईं। इसके बाद वाहन में भीड़ बढ़ने के साथ महिलाओं के बीच धक्का-मुक्की होने लगी।
पेंशनबाड़ा स्थित हमर क्लिनिक के पास करीब 10:05 बजे महिला ई-रिक्शा से उतर गईं। ई-रिक्शा के रवाना होने के बाद जब उन्होंने अपने गले की ओर देखा तो सोने की चेन गायब थी। चेन का वजन करीब एक तोला बताया गया है। उन्हें आशंका है कि ई-रिक्शा में सवार महिलाओं में से किसी ने भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर चेन चोरी की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ई-रिक्शा के रूट और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ई-रिक्शा चालक से भी पूछताछ कर रही है।
त्योहारी सीजन में बाजारों, बसों, ई-रिक्शा और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ऐसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है।










