सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर भीषण सड़क हादसा, कार पलटने से युवती की मौत; तीन घायल
रायपुर। राजधानी रायपुर के सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर रविवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नया रायपुर से रायपुर लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और इसके बाद पलट गई। हादसे में कार सवार युवती शिवानी ठाकुर की मौत हो गई, जबकि दो युवक और एक युवती घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, कार क्रमांक CG 04 NW 7718 में चार लोग सवार थे। सेरीखेड़ी ओवरब्रिज पर पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। दुर्घटना में सभी सवारों को चोटें आईं।
अस्पताल में इलाज के दौरान युवती ने तोड़ा दम
हादसे में शिवानी ठाकुर को गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं अनंत सोनकर, प्रखर सोनकर और सेजल सोनकर घायल हुए हैं। तीनों को एनएचएआई की एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मंदिर हसौद पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हादसे की वास्तविक वजह और अन्य परिस्थितियों की जांच की जा रही है।










