Home / छत्तीसगढ़/मध्यप्रदेश / कोरबा / बिलासपुर में संदिग्ध अवैध निवासियों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान, 23 लोगों को रायपुर भेजा

बिलासपुर में संदिग्ध अवैध निवासियों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान, 23 लोगों को रायपुर भेजा

बिलासपुर में संदिग्ध अवैध निवासियों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान, 23 लोगों को रायपुर भेजा

 

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश के बाद बिलासपुर पुलिस ने अवैध अप्रवासियों, घुसपैठियों और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच और चेकिंग की जा रही है।

 

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (IUCAW) रश्मिता कौर चावला के नेतृत्व में सात निरीक्षकों सहित विशेष टास्क फोर्स (STF) गठित की गई है। सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और उनके दस्तावेजों के सत्यापन के निर्देश दिए गए हैं।

 

विशेष टीम ने जिले के विभिन्न इलाकों में जांच और छापामार कार्रवाई कर संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाई। कई लोगों के मूल निवास और पहचान से जुड़े दस्तावेजों के सत्यापन की जरूरत सामने आई। दस्तावेजों की पुष्टि के लिए संबंधित जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया गया।

 

पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर क्षेत्रों में जाकर स्थानीय पुलिस अधिकारियों से जानकारी और दस्तावेज साझा किए। प्रारंभिक जांच के आधार पर सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में रहने वाले 23 संदिग्ध लोगों को 4 सितंबर 2026 को रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, यह प्रक्रिया उनकी पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन तक जारी रहेगी।

 

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए टोल-फ्री नंबर

 

बिलासपुर पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी व्यक्ति की पहचान, निवास या दस्तावेजों को लेकर संदेह होने पर कानून अपने हाथ में न लें, बल्कि पुलिस को सूचना दें। इसके लिए पुलिस ने टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है।

 

पुलिस के अनुसार, इस अभियान से पहले भी संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

जाने आज का राशि फल