कांकेर में 70 करोड़ की निवेश ठगी का खुलासा, 500 लोगों को रकम दोगुनी करने का झांसा; दो आरोपी गिरफ्तार
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र में निवेश के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। महालक्ष्मी एंटरप्राइजेज कंपनी में पैसा लगाने पर 5 प्रतिशत कमीशन और करीब डेढ़ साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर लगभग 500 लोगों से करीब 70 करोड़ रुपये जुटाए गए। इसके बाद आरोपित पैसे लेकर फरार हो गए।
सरकारी कर्मचारियों समेत कई लोगों को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, कंपनी से जुड़े लोगों ने कांकेर के अलावा दंतेवाड़ा, कोंडागांव और बीजापुर समेत अन्य क्षेत्रों के लोगों को निवेश के लिए तैयार किया। आरोपितों ने कुछ लोगों को बैंक से लोन लेकर भी कंपनी में पैसा लगाने के लिए कहा। शुरुआत में कुछ निवेशकों को किश्तों के रूप में भुगतान किया गया, जिससे लोगों का भरोसा बढ़ा और उन्होंने बड़ी रकम निवेश कर दी।
भुगतान बंद होने पर सामने आया मामला
बाद में कंपनी की ओर से निवेशकों को भुगतान करना बंद कर दिया गया। इसके बाद लोगों को ठगी का पता चला। शिकायत मिलने पर अंतागढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
दो आरोपी गिरफ्तार
साइबर सेल कांकेर और अंतागढ़ पुलिस ने मोबाइल नंबर समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दयाशंकर साहू को बेमेतरा जिले के साजा क्षेत्र और नितिन निर्मलकर को रायपुर से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।










