कोरबा ओवरब्रिज पर सड़क किनारे लोडिंग-अनलोडिंग से बढ़ रही ट्रैफिक की समस्या
कोरबा। शहर के ओवरब्रिज पर यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि कुछ व्यापारी अपने सामान की लोडिंग-अनलोडिंग के लिए ओवरब्रिज पर ही वाहनों को खड़ा करवा रहे हैं, जिसके चलते व्यस्त सड़क पर आवाजाही बाधित हो रही है।
ओवरब्रिज पर वाहन खड़े कर सामान चढ़ाने-उतारने का सिलसिला अगर इसी तरह चलता रहा तो यह महज यातायात बाधित होने का मामला नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है। एक ओर जहां आम वाहन चालक जल्द से जल्द अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए ओवरब्रिज का इस्तेमाल करते हैं, वहीं दूसरी ओर सड़क पर खड़े मालवाहक वाहनों के कारण उन्हें रास्ता बदलकर निकलना पड़ता है।
व्यापारियों की सुविधा या आम जनता की परेशानी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यापारिक गतिविधियों के लिए सार्वजनिक सड़क का इस तरह इस्तेमाल होने से आम वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। व्यस्त समय में स्थिति और गंभीर हो जाती है और वाहनों की कतार लगने से ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है।
सवाल यह है कि क्या ओवरब्रिज जैसे महत्वपूर्ण मार्ग पर इस तरह वाहनों को खड़ा कर लोडिंग-अनलोडिंग की अनुमति है?
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर सड़क पर लोडिंग-अनलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और ओवरब्रिज को सुचारु यातायात के लिए बाधामुक्त रखा जाए।










