
बिलासपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए शाम की फ्लाइट शुरू, पहले दिन ही 80% सीटें बुक, किराया 10 हजार पार
बिलासपुर। बिलासपुर के बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए नई शाम की फ्लाइट सेवा 3 मई से शुरू हो गई है। इस फ्लाइट को यात्रियों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है और पहले ही दिन करीब 80 प्रतिशत सीटों की बुकिंग हो चुकी है।
उच्च मांग के चलते इस रूट का किराया भी काफी बढ़ गया है। जानकारी के अनुसार टिकट की कीमत 10 हजार रुपये से अधिक पहुंच गई है, जिससे यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
यह नई फ्लाइट सेवा शाम के समय उपलब्ध होगी, जिससे व्यापारिक और कामकाजी यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी। पहले सीमित फ्लाइट विकल्प होने के कारण लोगों को यात्रा में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इस नई सेवा से कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
हालांकि सामान्य दिनों में इसी रूट का किराया करीब 6-7 हजार रुपये के आसपास रहता है, लेकिन अचानक बढ़ी मांग के कारण कीमतों में उछाल देखा गया है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि नई फ्लाइट सेवा से क्षेत्र के विकास और आवागमन में तेजी आएगी, लेकिन बढ़े हुए किराए पर नियंत्रण की भी जरूरत है।










